घुमारवीं बस स्टैंड पर हंगामा: दो महिलाओं ने कंडक्टर से की मारपीट, मामला थाने पहुंचा

15 अप्रैल: बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब दो महिलाओं ने एक निजी बस कंडक्टर के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पीड़ित कंडक्टर की पहचान जोगिंद्र सिंह निवासी गांव सुमाड़ी के रूप में हुई है, जो हुसैन बस सर्विस में कार्यरत है। शिकायत के अनुसार, बस स्टैंड पर मौजूद होने के दौरान वंदना कुमारी और उसकी भाभी ने उसे रोककर पहले बहस की और फिर मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हाथापाई के दौरान उसके कपड़े फट गए और गले से सोने की चेन भी गायब हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद महिला और उसके पति के बीच चल रहे मामले से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें कंडक्टर भी शामिल हो गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *