15 अप्रैल: बिलासपुर जिले में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर टनल नंबर-1 के पास एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां स्कूटी और पिकअप जीप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, पिकअप चालक सुजल (22) निवासी सरकाघाट अपने चचेरे भाई के साथ नंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान टनल पार करने के बाद सामने से आ रही स्कूटी अचानक गलत लेन में आ गई और पिकअप से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार नरेंद्र शर्मा (निवासी खरकड़ी) और राज कुमार (निवासी ओयल) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही यातायात पुलिस थाना भगेड़ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।