12 अगस्त: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरमाणा पुलिस थाना की टीम ने घागस स्थित रेन शैल्टर में बैठे दो युवकों को 723 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बरमाणा पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान घागस के पास रेन शैल्टर में दो युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 723 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद चरस को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान शिवानंद इंदी निवासी अक्कलकोट, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र और आकाश परशुराम जाधव निवासी खारघर, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
महाराष्ट्र से हिमाचल पहुंचकर चरस की इतनी बड़ी खेप के साथ पकड़े जाने के बाद पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को चरस की खेप कहां से मिली और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन और संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरमाणा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।