29 अप्रैल: Union Bank of India ने अप्रेंटिस के 1865 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के तहत देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 29 अप्रैल 2026 से 19 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी का ग्रेजुएशन का परिणाम 1 अप्रैल 2026 या उससे पहले घोषित हो चुका होना चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार ने 1 अप्रैल 2022 या उसके बाद ग्रेजुएशन पास किया हो, तभी वह पात्र माना जाएगा।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप के दौरान स्थान के अनुसार स्टाइपेंड दिया जाएगा। ग्रामीण या अर्ध-शहरी क्षेत्रों में 15,000 रुपये प्रति माह, शहरी क्षेत्रों में 18,000 रुपये और मेट्रो शहरों में 20,000 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड निर्धारित है।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिसमें उम्मीदवारों को पहले NATS पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद संबंधित वेबसाइट पर जाकर आवश्यक जानकारी भरनी होगी, दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।