7 अक्तूबर: कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, थुनाग स्थित गोहर गुडेहरी की एनएसएस इकाई ने अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में साइबर एवं डिजिटल सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान 24 सितंबर को मनाए गए राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस वर्ष एनएसएस दिवस संगठन की स्थापना की 56वीं वर्षगांठ के रूप में मनाया गया। 
अभियान के दौरान करीब 100 एनएसएस स्वयंसेवकों ने लगभग 100 अलग-अलग साइबर सुरक्षा विषयों पर लोगों को जागरूक किया। प्रत्येक स्वयंसेवक ने पांच लोगों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इनमें फर्जी ऑनलाइन अकाउंट, एंटीवायरस सॉफ्टवेयर, एटीएम सुरक्षा, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी ऋण योजनाएं, हैकिंग और इंटरनेट की लत जैसे विषय शामिल रहे। स्वयंसेवकों ने जागरूकता सामग्री के माध्यम से साइबर खतरों से बचाव के उपाय भी बताए।
कॉलेज के डीन डॉ. पी.एल. शर्मा ने कहा कि डिजिटल उपकरण दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं, ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान लोगों को ऑनलाइन ठगी, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग और अन्य डिजिटल खतरों से बचाव के प्रति जागरूक करते हैं।
सहायक प्रोफेसर डॉ. नेहा ठाकुर ने बताया कि अभियान का लाभ विद्यार्थियों, बच्चों, दुकानदारों, गृहिणियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, कर्मचारियों और बुजुर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा। लोगों को व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारियां किसी के साथ साझा न करने के लिए भी जागरूक किया गया।