गांधी जयंती पर मंडी में निकली प्रभात फेरी, गूंजे ‘रघुपति राघव राजाराम’ के स्वर

2 अक्तूबर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन मंडी की ओर से सेरी मंच से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी के माध्यम से स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का संदेश देते हुए गांधी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

प्रभात फेरी सुबह 6 बजे सेरी मंच से शुरू हुई। इसमें महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें, भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से अनुमोदित कला दल के कलाकारों, स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इसमें भाग लिया। गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित देशभक्ति गीतों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।

प्रभात फेरी सेरी मंच से चौहाटा बाजार, मोती बाजार, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बालकरूपी मंदिर, सनातन धर्म सभा और पोस्ट ऑफिस होते हुए संकन गार्डन कॉम्प्लेक्स पहुंची। यहां परिक्रमा के बाद प्रभात फेरी का समापन गांधी चौक पर हुआ।

इसके बाद गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर गणमान्य व्यक्तियों और उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और भाईचारे के संदेश को आज के समय में भी प्रासंगिक बताते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया। उपस्थित लोगों ने अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने और गांधी जी के सपनों के भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राज्य जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चम्पा ठाकुर, जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष अलकनंदा हांडा, पूर्व पार्षद कृष्णा टंडन सहित अन्य गणमान्य लोग, नगर की जानी-मानी हस्तियां, स्कूली बच्चे, एसडीएम सदर चन्द्र प्रकाश, तहसीलदार सदर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *