डल्हौजी में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत से गिरकर 20 वर्षीय युवक की मौत

2 अक्तूबर : पर्यटन नगरी डल्हौजी में गुरुवार को चर्च बैलून मार्ग पर एक निजी होटल की निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत से गिरने के कारण 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह (20) पुत्र रुल्दू सिंह निवासी गांव व डाकघर तियोना, थाना सदर, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां निजी होटल की निचली तरफ एक युवक मुंह के बल मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर पर गहरी चोट सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटों के निशान पाए गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मनप्रीत सिंह निजी होटल में अपने चचेरे भाई रुपेंद्र सिंह के साथ एसीपी शीट लगाने का काम करता था। मौके के हालात और पूछताछ के आधार पर पुलिस युवक की मौत निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत से गिरने के कारण होने की बात कह रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम डल्हौजी सिविल अस्पताल में करवाया गया। मामले की पुष्टि एसपी विजय कुमार सकलानी ने की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *