2 अक्तूबर: सुधार उत्सव (Reform Utsav) कार्यक्रम के तहत विकास खंड शाहपुर की ग्राम पंचायत सनोरा में युवा नेतृत्व में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें MY Bharat स्वयंसेवकों और युवा क्लब सनोरा के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए स्थानीय विकास और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
ग्राम सभा के बाद युवा क्लब सनोरा की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया और लोगों को इसके उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। युवाओं ने स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने के लिए सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
सुधार उत्सव कार्यक्रम के तहत MY Bharat स्वयंसेवक और युवा क्लब के सदस्य ग्राम प्रधानों को पंचायत की कार्यवाही प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहयोग करेंगे। इसके साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) से जुड़े प्रस्तावों को ग्राम सभा के समक्ष रखने, स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान करने और ग्रामीण स्तर के मुद्दों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर MY Bharat, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के उप निदेशक ध्रुव डोगरा ने भी ग्राम सभा और स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं के साथ संवाद करते हुए स्थानीय विकास एवं सुशासन में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि MY Bharat का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय शासन, सामाजिक सेवा, स्वच्छता और सामुदायिक विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए मंच उपलब्ध कराना है। युवाओं की ऊर्जा और पंचायतों के अनुभव के समन्वय से गांवों में सहभागी एवं सतत विकास को नई गति मिल सकती है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सनोरा के प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, MY Bharat स्वयंसेवक, युवा क्लब के सदस्य और अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।