खालिस्तान समर्थक अमृतपाल मामले को लेकर HRTC भी अलर्ट पर, ड्राइवरों को दिए कड़े निर्देश

Spread the love

जालंधर तक ही जाएंगी बसें, स्थिति बेकाबू हुई तो ड्राइवरों को तुरंत लौट कर आना होगा

 

आवाज़ ए हिमाचल 

शिमला। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए हिमाचल पुलिस पहले ही अलर्ट पर है, अब हिमाचल रोडवेज के ड्राइवरों और कंडक्टरों को भी अलर्ट पर रखा गया है। निगम प्रबंधन की ओर से बाहरी राज्य पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर के रूटों पर जाने वाले ड्राइवर कंडक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थिति पर नजर रखें। किसी भी तरह की स्थिति बेकाबू होते देख तुरंत वापस लौट आएं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पल-पल का अपडेट प्रबंधन के अधिकारियों को दें।

HRTC बसें फिलहाल जालंधर तक ही जाएंगी। अमृतसर, होशियारपुर वाले रूट बंद रहेंगे। हालात अगर सही रहते हैं तो इन रूटों पर भी बसें चलाने के निर्देश दे दिए जाएंगे। HRTC के DM देवासेन नेगी का कहना है कि हम स्थिति पर नजर बनाए रखे हुए हैं। फिलहाल बसों के रूट एक्टिव हैं। हमने जरूरी दिशा निर्देश ड्राइवर कंडक्टरों को दिए हैं।

100 के करीब बसें जाती पंजाब

शिमला, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा और ऊना से लगभग 100 बसें पंजाब के रूटों पर हर रोज सेवाएं देती हैं। हजारों यात्री इन बसों में सफर करते हैं। पंजाब और चंडीगढ़ में धारा 144 लगने से हिमाचल के लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है। ऐसे में हिमाचल सरकार और पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हिमाचल ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर का कहना है कि हमें अलर्ट रहने को कहा गया है। हम दिशा निर्देशों का पालन कर रहे हैं।

हिमाचल पुलिस अभी भी अलर्ट पर

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए हिमाचल पुलिस भी अलर्ट पर है। इसके लिए पंजाब से लगी सीमाओं पर गश्त बढ़ा दी गई है। पंजाब के पठानकोट के साथ लगते प्रवेश द्वार कंडवाल में चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रदेश में प्रवेश करने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की जांच की जा रही है। सीमाओं को सील कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *