10 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रविवार को नदी और नाले से दो लोगों के शव बरामद होने से क्षेत्र में शोक की लहर है। दोनों शवों की पहचान कर ली गई है। इनमें एक नेपाल का निवासी था, जबकि दूसरा स्थानीय युवक था, जो पिछले कई दिनों से लापता था।
पहली घटना ओल्ड मनाली के पास मनालसू नाले की है। यहां प्रशासन ने मौसम दरनाल (पुत्र इच्छा राम) का शव बरामद किया। मौसम दरनाल मूल रूप से नेपाल के झापा जिले के शिंगशार गांव का रहने वाला था और ओल्ड मनाली में सिलाई का काम कर अपना जीवन यापन करता था।
दूसरी घटना पार्वती नदी की है, जहां से 25 वर्षीय देवेंद्र कुमार का शव बरामद हुआ। देवेंद्र मणिकर्ण के शांगणा गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह 23 जुलाई से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।