कांगड़ा के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत,शाहपुर में भी करेंगे कार्यक्रम

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

विक्रम चंबियाल,धर्मशाला

27 नवंबर।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत 16 दिसंबर को तीन दिवसीय दौरे पर कांगड़ा आएंगे। 17, 18 और 19 दिसंबर को मोहन भागवत संघ के स्वयंसेवकों से रूबरू होंगे। मोहन भागवत के कांगड़ा दौरे को लेकर स्वयंसेवक संघ कांगड़ा के कार्यालय में तैयारी शुरू कर दी गई है। संघ कार्यालय कांगड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उनका बौद्धिक संबोधन भी होगा व कांगड़ा में स्वयंसेवकों के योग कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। भारत को महाशक्ति नहीं, बल्कि विश्व गुरु बनाने के पक्षधर मोहन भागवत धर्मशाला में पूर्व सैनिकों के साथ भी चर्चा करेंगे। इस दौरान वह शाहपुर में भी स्वयंसेवकों के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।कांगड़ा सह विभाग के संघचालक भूषण रैना ने सरसंघचालक मोहन भागवत के कांगड़ा आने की पुष्टि की है। उन्‍होंने बताया मोहन भागवत 16 दिसंबर को हवाई मार्ग से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां से सीधे कांगड़ा संघ कार्यालय पहुंचेंगे। तीन दिन संघ कार्यालय कांगड़ा से ही मोहन भागवत के कार्यक्रम आयोजित होंगे और 20 दिसंबर को उनकी वापसी होगी। उन्होंने बताया उनके कार्यक्रम के दौरान यहां भाजपा की बड़ी हस्तियों के आने की भी संभावना है। तीन दिवसीय कांगड़ा दौरे को लेकर पूरे प्रदेश से स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी कांगड़ा पहुंचेंगे। सरसंघचालक के आने की सूचना के बाद वे उत्साहित हैं। उनके दौरे के दौरान हालांकि यहां कोई पथ संचलन वगैरह का कार्यक्रम नहीं है, अलवत्ता उनके उद्बोधन में स्वयंसेवकों से चर्चा की जाएगी।हिमाचल के इतिहास में साल 1989 के बाद यह दूसरा मौका होगा, जब संघ के सरसंघचालक कांगड़ा पहुंच रहे हैं। इससे पहले 1989 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक बाला साहब देवरस कांगड़ा कार्यालय पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *