कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा का बड़ा अभियान, साढ़े तीन साल की चार्जशीट लेकर जनता के बीच जाएगी

8 जुलाई: हिमाचल भाजपा कोर ग्रुप ने कांग्रेस सरकार की नीतियों, अधूरी गारंटियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदेशभर में जनआंदोलन चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की चार्जशीट तैयार कर उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा। यह फैसला मंगलवार को शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में लिया गया।

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कोर ग्रुप ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, हाल ही में हुए पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों के परिणामों तथा आगामी संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और बागवानों से किए गए कई वादे पूरे नहीं किए। उनके अनुसार सरकार की अधिकांश गारंटियां अब तक अधूरी हैं और भाजपा इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनता के बीच जाएगी।

डॉ. बिंदल ने दावा किया कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों के नतीजे कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता के रुख को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को इन चुनावों में व्यापक समर्थन मिला है और पार्टी अब गांव-गांव तथा शहर-शहर जाकर सरकार की नीतियों और अधूरे वादों को प्रमुख मुद्दा बनाएगी।

राम मंदिर के मुद्दे पर भी भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास राम मंदिर निर्माण का विरोध करने का रहा है और अब नेताओं का मंदिर जाना राजनीतिक मजबूरी का परिणाम है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *