24 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को बोर्ड मुख्यालय में सभी जिलों एवं जोनों के श्रम कल्याण अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मामलों और क्लेमों के शीघ्र निपटान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान लंबित मामलों के निपटारे के लिए अनुभाग अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई। यह समिति लंबित मामलों एवं क्लेमों की जांच कर उनके निपटान के संबंध में अपनी रिपोर्ट बोर्ड मुख्यालय को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वर्ष 2021-22, 2022-23 और 2023-24 के शेष लंबित क्लेमों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नरदेव सिंह कंवर ने सभी श्रम कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित क्लेमों का शीघ्र भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों के क्लेम सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द से जल्द बोर्ड मुख्यालय को भेजे जाएं।
उन्होंने कहा कि इससे पात्र निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। बैठक में लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।