31 अगस्त: नादौन विधानसभा क्षेत्र के कांगू में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। इससे मरीजों को अधिक सटीक और बेहतर जांच सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य के 70 आदर्श चिकित्सा संस्थानों में 300 मेडिकल ऑफिसर, 200 विशेषज्ञ और 150 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्तियां की जा रही हैं। नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा के अस्पतालों में भी डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जोल सप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का जल्द शुभारंभ किया जाएगा। यहां उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज संस्थान स्थापित किया जा रहा है, जिसमें इसी वर्ष से दाखिले शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कांगू के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का दर्जा दिया गया है। नए भवन के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। वहीं, प्राथमिक विद्यालय के भवन का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।