21 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र में मंगलवार तड़के किराए के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे मनोह स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास आरोपी युवक और टैक्सी चालक के बीच किराए को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपी ने टैक्सी चालक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना मिलते ही भोरंज थाना पुलिस इंस्पेक्टर प्रशांत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस जब आरोपी को काबू करने का प्रयास कर रही थी, तब उसने पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई की, जिसमें एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
घायल टैक्सी चालक की पहचान 48 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र राम सिंह, निवासी गांव गुटकर, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती कराया गया है।
आरोपी की पहचान प्रदीप राणा पुत्र जगदीश, निवासी गांव नुहाड़ा, डाकघर दिम्मी, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
हमीरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना भोरंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 121(1) और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।