26 मई: कांगड़ा जिले की सोलधा पंचायत में सोमवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान कर्ण पुत्र रमेश कुमार निवासी नगाबाड़ी, नूरपुर के रूप में हुई है। वह अपने बड़े भाई अरुण के साथ सोलधा में किराए के कमरे में रहता था। दोनों भाई इलाके में मिस्त्री का काम करते थे।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम काम से लौटने के बाद दोनों भाइयों ने खाना खाया। इसके बाद कर्ण सोने के लिए छत पर चला गया। सोमवार सुबह मकान मालिक अश्विनी कुमार ने बाहर देखा तो कर्ण का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोटला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।