कांगड़ा के 15 विधानसभा क्षेत्रों के 259 विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिताओं में लिया भाग

18 नवम्बर: युवाओं एवं भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदान के अधिकार और महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बीएड कॉलेज धर्मशाला में जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले के सभी 15 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी को शामिल किया गया। प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया गया। पहले शिक्षण संस्थानों में संस्थान स्तर पर मुकाबले करवाए गए। इसके बाद उपमंडल स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

जिला स्तर पर आयोजित दोनों प्रतियोगिताओं के लिए कुल 280 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, जिनमें से 259 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें निबंध लेखन प्रतियोगिता में 131 और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 128 विद्यार्थी शामिल हुए। निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्वाचन एवं लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसका उद्देश्य मतदान के अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मतदाता सूची की शुद्धता, समावेशिता और विश्वसनीयता के महत्व से अवगत करवाना था।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की निर्वाचन प्रणाली के प्रति जानकारी और समझ का मूल्यांकन किया गया।

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। परिणाम और विजेताओं की जानकारी 20 नवंबर से पहले संबंधित विद्यार्थियों एवं शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध करवा दी जाएगी। जिला स्तर पर चयनित विजेताओं को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं की उत्तर पुस्तिकाओं एवं मूल्यांकन कार्य की जिम्मेदारी डॉ. अभ्युदिता गौतम सिंघा, डॉ. राज भगती, प्रो. लेखराज ठाकुर और डॉ. मधु बाला को सौंपी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *