कसौली से लेह तक हरित ऊर्जा का संदेश, भारतीय सेना ने शुरू की ‘सूर्य ग्रीन-हिमालयन ओडिसी’

13 जून : भारतीय सेना ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कसौली से ‘सूर्य ग्रीन-हिमालयन ओडिसी’ इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) अभियान की शुरुआत की है। इस विशेष अभियान को सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

11 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत 10 टाटा इलेक्ट्रिक वाहनों का काफिला हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के सीमावर्ती एवं दुर्गम क्षेत्रों से होकर 1663 किलोमीटर की यात्रा तय करेगा। यह अभियान 22 जून 2026 को लेह स्थित ‘हॉल ऑफ फेम’ पहुंचकर संपन्न होगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश फैलाना है। इस मिशन का नेतृत्व गोल्डन की डिवीजन के मेजर अमन सिंह यादव कर रहे हैं। दल में भारतीय सेना के 10 जवानों के साथ टाटा ईवी के पांच प्रतिनिधि और दो डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भी शामिल हैं।

यात्रा के दौरान यह काफिला स्पीति, लाहुल, हानले, चुशूल और तांगत्से जैसे दुर्गम एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। अभियान के तहत दल रेजांग ला युद्ध स्मारक भी पहुंचेगा, जहां 1962 के भारत-चीन युद्ध में शहीद हुए 13 कुमाऊं रेजिमेंट के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

यह पहल न केवल स्वच्छ ऊर्जा के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि देश के युवाओं और आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के लिए प्रेरित करने का भी प्रयास है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *