कल लग रहा साल का आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण, इस शहर में दिखेगा सबसे पहले

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

नई दिल्ली। देश में इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण मंगलवार यानी 8 नवंबर को लगने वाला है। चंद्रोदय के समय ग्रहण भारत के सभी स्थानों से दिखाई देगा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के बयान में यह जानकारी दी गई है। मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘‘ग्रहण की आंशिक एवं पूर्णावस्था का आरंभ भारत के किसी भी स्थान से दिखाई नहीं देगा क्योंकि यह घटना भारत में चंद्रोदय के पहले ही प्रारम्भ हो चुकी होगी।” इसमें कहा गया है कि चंद्र ग्रहण की पूर्णावस्था एवं आंशिक अवस्था दोनों ही का अंत देश के पूर्वी हिस्सों से दिखाई देगा।

भारत में चंद्र ग्रहण अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में सबसे पहले दिखाई देगा। भारत में पूर्व दिशा के शहरों में ये चंद्र ग्रहण चंद्रोदय के साथ ही दिखने लगेगा। देश के बाकी हिस्सों से आंशिक अवस्था का केवल अंत ही दिखाई देगा। मंत्रालय ने बताया कि भारत में पूर्ण चंद्र ग्रहण आठ नवंबर को होगा। चंद्र ग्रहण दक्षिण अमेरिका, उत्तर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, उत्तर अटलांटिक महासागर तथा प्रशांत महासागर के क्षेत्रों में दिखाई देगा।

यहां जानें भारत में कब कहां दिखेगा ग्रहण

  • देश के पूर्वी भाग में कोलकाता एवं गुवाहाटी जैसे शहरों में चंद्रोदय के समय ग्रहण की पूर्णावस्था चल रही होगी।
  • कोलकाता में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 20 मिनट की होगी तथा चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि 1 घंटा 27 मिनट की होगी।
  • गुवाहाटी में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 38 मिनट की होगी ।
  • दिल्ली (50 मिनट), मुम्बई (18 मिनट), चेन्नई ( 40 मिनट) और बेंगलुरु (29 मिनट ) में ग्रहण की पूर्णावस्था के अंत के उपरांत चंद्रोदय होगा एवं उस समय आंशिक ग्रहण चल रहा होगा। भारत में अगला चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर 2023 को लगेगा जोकि आंशिक चंद्र ग्रहण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *