10 सितंबर: करेरी क्षेत्र में 79 वर्षों बाद बस सेवा शुरू होने पर पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई। इसको लेकर पंचायत खड़ी बही की प्रधान रानी देवी, उपप्रधान हेमराज, पंचायत सदस्यों और अन्य क्षेत्रवासियों ने रैत स्थित कांग्रेस कार्यालय में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बस सेवा शुरू करवाने के लिए विधायक केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि 79 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद क्षेत्र में बस सेवा शुरू होना लोगों के लिए ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें बेहतर परिवहन सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, आरटीओ विकास जम्वाल, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, आरएम साहिल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज जसवाल, बीडीओ रैत योगेंद्र, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला परिषद सदस्य संदीप, महासचिव प्रदीप बलौरिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।