10 सितंबर: बाल विकास परियोजना देहरा के अंतर्गत उपमंडल ज्वालामुखी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के एक और सहायिका के तीन रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से पुनः आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का पद कमलोटा पंचायत के लाहसन केंद्र में तथा सहायिका के पद कोपडा पंचायत के ठेहड़ा, गाहलियां के भगौर-1 और डोला खरियाणा के डोला केंद्र में रिक्त हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा ने बताया कि इससे पहले 4 अगस्त को विज्ञापन जारी कर 24 अगस्त तक आवेदन मांगे गए थे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के नवीन दिशा-निर्देशों के अनुसार प्राप्त आवेदनों की जांच के दौरान कुछ औपचारिकताएं अधूरी पाए जाने के बाद सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से पात्र महिला उम्मीदवारों को एक और अवसर देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे/फीडर क्षेत्र की निवासी महिला ही पात्र होगी। इसका प्रमाण पत्र संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा जारी और वृत पर्यवेक्षक द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित होना अनिवार्य है। आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास और परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
पात्र अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए कुल 25 अंक निर्धारित हैं। इनमें शैक्षणिक योग्यता के 10, अनुभव के 3, दिव्यांगता के 2, आरक्षण के 2, विशेष परिस्थितियों के 3, सीमित परिवार के 2 और व्यक्तिगत साक्षात्कार के 3 अंक शामिल हैं। चयन समिति में उपमंडल अधिकारी अध्यक्ष, बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा सदस्य सचिव तथा तहसील कल्याण अधिकारी/सांख्यिकी सहायक सदस्य होंगे।
इच्छुक महिलाएं शैक्षणिक योग्यता, आय प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, जाति, दिव्यांगता या विशेष परिस्थिति से संबंधित प्रमाण पत्र तथा आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र के प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ सादे कागज पर आवेदन 24 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय देहरा में जमा करवा सकती हैं।
जिन महिलाओं ने 24 अगस्त तक आवेदन जमा कर दिया है और उनके पास सक्षम अधिकारी द्वारा जारी 50 हजार रुपये तक की आय का प्रमाण पत्र उपलब्ध है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। अधिक जानकारी के लिए कार्य दिवस में कार्यालय समय के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय देहरा में संपर्क किया जा सकता है।