5 अक्तूबर: एशियन गेम्स 2026 के तहत जापान के आइची-नागोया में भारत और मलेशिया के बीच खेले गए हॉकी मुकाबले में हिमाचल प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा, उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया, विधायक कमलेश ठाकुर और विधायक विवेक शर्मा सहित उनके परिवारजनों ने स्टेडियम पहुंचकर भारतीय हॉकी टीम का उत्साहवर्धन किया।
विदेश की धरती पर हाथों में तिरंगा, सिर पर हिमाचली टोपी और दिल में देशभक्ति का जज्बा इस दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर सभी ने उनका उत्साह बढ़ाया और टीम की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।
भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर यादविन्द्र गोमा, केवल सिंह पठानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भारतीय टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे देश और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन देश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि भारत का तिरंगा दुनिया के हर मैदान में इसी तरह शान से लहराता रहे और भारतीय खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते रहें, यही सभी देशवासियों की कामना है।