30 जून : ऊना मुख्यालय स्थित जेएस प्लाजा होटल के समीप मंगलवार सुबह एक बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते खंभे से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
अग्निशमन केंद्र ऊना के प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।