30 जून : चंबा जिले के दुर्गम क्षेत्र स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कूंर में विद्यार्थियों के लिए योग सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आयुष विभाग रैत के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
योग प्रशिक्षक उद्यालक शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाने के साथ उनके महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त और स्वस्थ विद्यार्थी जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग न केवल तनाव कम करने में सहायक है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने, एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ाने, संतुलित आहार अपनाने, वजन नियंत्रित रखने तथा अच्छी नींद के लिए भी लाभदायक है। 
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अध्यापक वर्ग ने विद्यार्थियों के लिए उपयोगी योग सत्र आयोजित करने पर आयुष विभाग का आभार व्यक्त किया।