6 जून : जिला कांगड़ा के इंदौरा क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े एक कथित वित्तीय अनियमितता मामले का खुलासा हुआ है। मंड मझवान शाखा डाकघर में तैनात रहे एक पूर्व ब्रांच पोस्टमास्टर के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने मृत पेंशन लाभार्थियों के खातों से करीब 9.02 लाख रुपये की राशि का अनधिकृत निकासी कर दुरुपयोग किया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी वर्ष 2012 से दिसंबर 2025 तक संबंधित डाकघर में कार्यरत रहा। जांच एजेंसी का आरोप है कि वर्ष 2024-25 के दौरान कुछ पेंशन लाभार्थियों के निधन के बाद भी उनके खातों को बंद नहीं किया गया और कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से राशि निकाली जाती रही।
सीबीआई एसीबी शिमला ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी पूरे प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।