2 अक्तूबर,आशीष दमीर: ग्राम पंचायत घूरकरी के विभिन्न वार्डों में पिछले करीब तीन माह से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। स्ट्रीट लाइटों के खराब होने के कारण शाम ढलते ही गांव की कई गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ रात के समय आने-जाने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गलियों में अंधेरा होने के कारण रात के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद रहने के कारण ग्रामीणों में पंचायत के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं करवाया गया तो उन्हें पंचायत के खिलाफ कड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने संबंधित जिम्मेदार लोगों से जल्द समस्या का समाधान करवाने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत घूरकरी की नवनियुक्त प्रधान रमा दीक्षित ने कहा कि पंचायत की ओर से किए जाने वाले कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं, उन्हें ठीक करवाने की जिम्मेदारी संबंधित लोगों की है। उन्होंने कहा कि इन स्ट्रीट लाइटों का पंचायत से कोई सीधा संदर्भ नहीं है।