29 अगस्त: शीतला माता मंदिर दंगल ग्राउंड इंदौरा में वार्षिक छिंज मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। मेले में देश-विदेश से पहुंचे पहलवानों ने कुश्ती के रोमांचक मुकाबले पेश कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
विधायक मलेंद्र राजन ने छिंज मेला कमेटी को 21 हजार रुपये की राशि भेंट की। उन्होंने कहा कि छिंज मेले और कुश्ती जैसे पारंपरिक आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति और खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि इंदौरा में तैयार किया जा रहा बड़ा पार्क क्षेत्र की माताओं-बहनों, बच्चों और आम लोगों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। पार्क में ओपन जिम भी स्थापित किया जा रहा है, जिससे लोग नियमित व्यायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपना सकेंगे।
मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को नशामुक्त बनाना और इसे मॉडल विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
विधायक ने छिंज मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को बधाई दी और कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजनों को लगातार बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर एसएचओ इंदौरा आशीष पठानिया, पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, नरेंद्र शर्मा, उमाकांत सूदन, अनिल कटोच, मनोहर जी, पुष्प अरुण जी, जोगिंदर शर्मा, तिलक राज, मोहित कटोच, गगन कटोच, रणजीत कटोच सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।