इंदौरा की पंचायतों को मिलीं आपदा प्रबंधन किट, विधायक मलेंद्र राजन ने तैयारियों पर दिया जोर

21 जुलाई: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन किट उपलब्ध कराई गई हैं। विकास खंड कार्यालय इंदौरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक मलेंद्र राजन ने पंचायत प्रधानों को किट वितरित करते हुए आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क रहने और समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय तथा पूर्व तैयारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 में आई भीषण बाढ़ से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ था। ऐसे अनुभवों से सीख लेते हुए पंचायत स्तर पर पर्याप्त उपकरण और प्रशिक्षित व्यवस्था उपलब्ध होना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे आपदा प्रबंधन को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानें, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से गांवों में जागरूकता बढ़ाएं और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करें। साथ ही अधिकारियों को पंचायतों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखते हुए हर समय तैयार रहने के निर्देश भी दिए।

मलेंद्र राजन ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष पंचायतों के लिए आपदा प्रबंधन किट उपलब्ध करवाने का मुद्दा उठाया था। मुख्यमंत्री ने तुरंत इस पर संज्ञान लेते हुए किट उपलब्ध करवाईं। विधायक ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक किट में सुरक्षा हेलमेट, लाइफ जैकेट, 50 मीटर रस्सी, सर्च लाइट, मेटल ट्रंक, सीटी, फोल्डिंग स्ट्रेचर, तिरपाल, दो व्यक्तियों का टेंट, गैंती, कुल्हाड़ी, फावड़ा, हथौड़ा, एल्युमिनियम सीढ़ी, फर्स्ट एड किट और मेगाफोन सहित राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोगी कई आवश्यक उपकरण शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *