21 जुलाई: सोलन जिले के दियुंघाट के समीप एक दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे बैठे महिला और युवक अचानक गहरी ढांक में गिर गए। हादसे में करीब 40 वर्षीय नेपाली मूल की महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय युवक घायल हो गया। घायल युवक शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात दोनों सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों सड़क से नीचे गहरी ढांक में जा गिरे। गिरते समय महिला का सिर नीचे पड़े पत्थर से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं युवक को मामूली चोटें और खरोंचें आई हैं।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना युवक ने स्वयं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस अधीक्षक सोलन एस.डी. वर्मा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।