10 अक्तूबर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और स्थानीय समस्याओं को लेकर विधायक मलेन्द्र राजन ने वन विश्राम गृह इंदौरा में ग्राम पंचायत बेली महंता, सीरत, भदरोआ और शेखपुर के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ भविष्य की विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाने के संबंध में विचार-विमर्श किया।
विधायक मलेन्द्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर पंचायत, गांव और मोहल्ले तक विकास पहुंचाना तथा लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देना और जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्रतिबद्धता है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में पात्र लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
मलेन्द्र राजन ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं और जरूरतों की वास्तविक जानकारी मिलती है। जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद से विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और दिए गए सुझावों को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों की समीक्षा और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद का सिलसिला जारी रहेगा। इसका उद्देश्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देना, जनसमस्याओं का समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।