हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत; मां और मासूम घायल

27 जून : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पिता और उनके 7 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के बम्हेटा निवासी विनोद उर्फ बबली अपनी पत्नी शालू और दो बेटों वरुण व प्रियांश के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ट्याला अंडरपास के पास उनकी बाइक की तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद पीछे से आ रही एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 7 वर्षीय वरुण को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल शालू और 5 वर्षीय प्रियांश का अस्पताल में उपचार जारी है, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *