अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना, एलजी ने दिखाई हरी झंडी

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

जम्मू, 29 जून। हर हर महादेव के जयघोषों के बीच श्री अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था आज सुबह रवाना हो गया है। जम्मू-कश्मीर के (एलजी) उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले जत्थे में 3000 से ज्यादा श्रद्धालु आज तड़के कश्मीर घाटी के लिए रवाना हो गए।

 

 

अमरनाथ यात्रा 30 जून से शुरू हो रही है और यह 11 अगस्त को रक्षा बंधन त्योहार के अवसर पर श्रावण पूर्णिमा पर समाप्त होगी। तीर्थयात्री एक काफिले में सुरक्षा बलों के साथ घाटी के लिए रवाना हुए। यात्रा के उत्तरी कश्मीर बालटाल और दक्षिण कश्मीर पहलगाम दोनों रास्तों पर सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और स्थानीय पुलिस के सुरक्षा बल तैनात हैं।

पहली बार, अधिकारियों ने प्रत्येक तीर्थयात्री को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टैग जारी किया है, ताकि सुरक्षा में कोई कमी न रहे। मौसम विभाग ने बुधवार को दोनों यात्रा मार्गो पर शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है। अधिकारियों ने कहा है कि इस साल लगभग आठ लाख तीर्थयात्रियों के यात्रा करने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के बाद अमरनाथ यात्रा करीब 2 साल हो रही है। यात्रा पर आतंकी खतरे की आशंका के मद्देनजर अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकी संगठन लश्कर ने धमकी दी है। ऐसे में अमरनाथ यात्रा में सुरक्षा के चलते श्रद्धालुओं को ले जाने वाले वाहनों पर रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) टैग लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *