25 सितंबर: थल सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कॉलेज परिसर में 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन और सेना की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने शुक्रवार को एसडीएम संजीत सिंह, पुलिस और अन्य अधिकारियों के साथ रैली स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन तथा सेना के अन्य अधिकारियों के साथ सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
एडीसी ने बताया कि इस बार भर्ती रैली में हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थियों के अलावा क्लर्क श्रेणी के लिए प्रदेश के अन्य जिलों के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया भी यहीं पूरी की जाएगी। कुल करीब 4571 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतिदिन लगभग 550 युवाओं का ग्राउंड टेस्ट होगा। ग्राउंड टेस्ट की प्रक्रिया 4 अक्तूबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। खराब मौसम की स्थिति में 5 और 6 अक्तूबर को रिजर्व दिन रखा गया है।
रैली स्थल पर बिजली, पानी, अग्निशमन, शौचालय, सफाई, मेडिकल, इंटरनेट, कंप्यूटर-प्रिंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
पात्र अभ्यर्थियों की मैदान में एंट्री तड़के से शुरू होगी और उनके लिए बस सेवा की व्यवस्था भी की जाएगी। रैली स्थल के आसपास सेना और पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। अभ्यर्थियों तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को मैदान में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शारीरिक क्षमता बढ़ाने वाली दवाइयों के प्रयोग की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से केमिस्ट संचालकों को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए बाहर से आए सेना के करीब 200 अधिकारियों एवं सैनिकों के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने अभ्यर्थियों से एडमिट कार्ड का अच्छी गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट साथ लाने की अपील की है, ताकि बार कोड स्कैनिंग के दौरान प्रवेश में कोई परेशानी न हो। उन्होंने अभ्यर्थियों से वेबसाइट पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ने और आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ दो-दो सेल्फ अटेस्टेड प्रतियां लाने को कहा है।
अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, डोगरा क्लास या जाति प्रमाण पत्र, धर्म प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, सेवारत या भूतपूर्व सैनिक के पुत्र का प्रमाण पत्र, अविवाहित होने का प्रमाण पत्र, निर्धारित प्रारूप में एफिडेविट, क्लर्क/एसकेटी के लिए ओ-लेवल प्रमाण पत्र, एनसीसी एवं खेल प्रमाण पत्र, बैंक खाता, पैन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इसके अलावा 20 पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।