20 जुलाई: नगर परिषद सुंदरनगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को नगर परिषद कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। वार्ड नंबर-10 चांगर की पार्षद रूमा देवी ने अध्यक्ष और वार्ड नंबर-7 बनायक के पार्षद लकेश कुमार ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ली।
उपमंडलाधिकारी (ना.) एवं निर्वाचन अधिकारी अमर नेगी ने दोनों जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल भी मौजूद रहे। समारोह में नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार, प्रारूपकार बलवीर चंद सोनी, सभी पार्षद तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
शपथ ग्रहण के बाद एसडीएम अमर नेगी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि नगर परिषद का प्रभावी संचालन आपसी समन्वय, सहयोग और सकारात्मक सोच से ही संभव है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए नगर परिषद सुंदरनगर के विकास को नई दिशा देगी। साथ ही प्रशासन की ओर से विकास कार्यों और जनहित से जुड़े प्रयासों में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।