औट में वोल्वो बस से 1.645 किलो चरस बरामद, हरियाणा और कुल्लू के दो आरोपी गिरफ्तार

20 जुलाई: मंडी जिले के पुलिस थाना औट की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.645 किलोग्राम चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह थाना औट की टीम ने थलौट स्थित थाना गेट पर राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर नियमित नाकाबंदी और वाहन जांच के दौरान कुल्लू से दिल्ली जा रही एक निजी वोल्वो बस की तलाशी ली। जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 1.645 किलोग्राम चरस बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम, निवासी जिला रेवाड़ी (हरियाणा) और मोहन लाल, निवासी तहसील भुंतर, जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।

इस संबंध में पुलिस थाना औट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *