डीसी गंधर्वा राठौड़ ने नादौन की पंचायतों का किया दौरा, विकास कार्यों और एंटी चिट्टा अभियान का लिया जायजा

18 जुलाई: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार को विकास खंड नादौन की ग्राम पंचायत रैल, बड़ा, फस्टे, सपड़ोह और जलाड़ी का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से प्राकृतिक जल स्रोतों जैसे बावड़ियों, कुओं और तालाबों की सफाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की जानकारी ली तथा इसमें आम लोगों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से नशा विरोधी अभियान में भी सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने आईटीआई रैल में एंटी चिट्टा अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और मेहनत व दृढ़ संकल्प के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किशोर और युवा वर्ग को नशा तस्कर सबसे अधिक निशाना बनाते हैं, इसलिए युवाओं को सतर्क रहकर ऐसे तत्वों का विरोध करना चाहिए और प्रशासन का सहयोग देना चाहिए।

उपायुक्त ने आईटीआई रैल के विभिन्न विभागों और कार्यशालाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर एसडीएम निशांत शर्मा, बीडीओ राजेश कुमार, आईटीआई के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *