17 जुलाई: उपमंडल भोरंज के भरेड़ी में 22 जुलाई को ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्थानीय विधायक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में क्षेत्र की 9 ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर उपमंडल प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सभी विभाग कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निपटारा किया जाए। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उसी दिन उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी योजना से जुड़ी औपचारिकताएं या प्रमाण पत्र बनाने की आवश्यकता हो तो उन्हें भी मौके पर ही पूरा किया जाए।
एसडीएम ने कहा कि विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदर्शनी भी लगाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।
बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, बीडीओ कुलवंत सिंह, सीडीपीओ सुनील कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।