17 जुलाई: अटल मैडीकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू), नेरचौक ने शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए नर्सिंग कोर्सों की प्रवेश परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत बी.एससी. नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग और एम.एससी. नर्सिंग कोर्सों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सरकारी व निजी नर्सिंग संस्थानों में प्रवेश लेने की इच्छुक पात्र अभ्यर्थी यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इन सभी कोर्सों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 23 जुलाई की रात 11:55 बजे तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगी।
यूनिवर्सिटी के कंट्रोलर डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इन कोर्सों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि 2 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने वेबसाइट पर प्रोस्पेक्टस और ऑनलाइन आवेदन फॉर्म उपलब्ध करवा दिया है। यदि किसी अभ्यर्थी को ऑनलाइन आवेदन भरते समय किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ता है तो उसके समाधान के लिए हेल्पलाइन भी जारी की गई है। अभ्यर्थी यूनिवर्सिटी के व्हाट्सएप नंबर 9459139364 पर संदेश भेजकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा अपनी शिकायत या समस्या counselling.amruhp@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं।