17 जुलाई: शिगोकान गोजू रियू कराटे इंडिया की 17 सदस्यीय टीम जापान के ओसाका और हिमीजी शहर में 25 जुलाई तक आयोजित होने वाली 101वीं शिगोकान एनिवर्सरी एवं ऑल जापान इंटरनेशनल फ्रेंडशिप कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हो गई है।
टीम मैनेजर सेंसाई पी.एस. पंवार ने बताया कि भारतीय दल में 12 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हैं। टीम का नेतृत्व सेंसाई अनिल कुमार जिस्टा मुख्य कोच तथा सेंसाई रेखा सिंह पंवार सहायक कोच के रूप में करेंगी।
उन्होंने बताया कि रूट्स कंट्री स्कूल, बागी के 10 खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जो हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हर वर्ष दुनिया के 10 से 15 देशों के खिलाड़ी भाग लेते हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
जापान रवाना होने से पहले टीम ने संस्था के अध्यक्ष दिनेश ठाकुर और तकनीकी निदेशक सेंसाई जय प्रकाश सिंह से मुलाकात की। दोनों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारतीय टीम प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
भारतीय टीम में टीम मैनेजर प्रताप सिंह पंवार, मुख्य कोच अनिल कुमार, सहायक कोच रेखा सिंह पंवार के अलावा रीयान्श चौहान, अबीर मनदान, ध्रुव शर्मा, अंश पटवा, मन्नत जोत कौर, अरघान्श ठाकुर, ईशमीत सिंह पुन्नी, जैसमीन कौर, अकशित सैखरी, आक्शी ठाकुर, ऊनीत पाल, चमन लाल, शार्वी गुप्ता और दिग्विजय सिंह शामिल हैं।