17 जुलाई: हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के रेल यात्रियों का वर्षों पुराना इंतजार 17 जुलाई को खत्म हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे और नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।
रेल मंत्रालय ने गाड़ी संख्या 14501/14502 करटोली–अंबाला कैंट एक्सप्रेस (वाया ऊना हिमाचल) के नियमित संचालन को मंजूरी दे दी है। वहीं, गाड़ी संख्या 14053/14054 दिल्ली–दौलतपुर चौक एक्सप्रेस का विस्तार पंजाब के करटोली तक कर दिया गया है। इससे हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को पत्र लिखकर दोनों प्रस्तावों की मंजूरी की जानकारी दी। यह स्वीकृति अनुराग ठाकुर द्वारा 28 जून 2026 को भेजे गए आग्रह पत्र के बाद दी गई है।
उत्तरी रेलवे मुख्यालय, नई दिल्ली ने उद्घाटन यात्रा को लेकर सभी संबंधित रेल मंडलों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। नई रेल सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।