16 जुलाई: डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए योग विज्ञान तथा मधुमक्खी पालन एवं एपीथैरेपी में एक वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू किए हैं। इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। दोनों कोर्स एक वर्ष की अवधि के होंगे और इनमें दो सेमेस्टर शामिल होंगे। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को विशेष ज्ञान, व्यावहारिक प्रशिक्षण और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
योग विज्ञान में पीजी डिप्लोमा पुष्प विज्ञान एवं भू-दृश्य विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा। इस पाठ्यक्रम में 30 सीटें उपलब्ध हैं। इसमें योग, स्वास्थ्य और चिकित्सीय उपयोग से जुड़े विषयों के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं फील्ड वर्क भी कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को वेलनेस सेंटर, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं, कॉर्पोरेट वेलनेस कार्यक्रमों और स्वरोजगार के क्षेत्र में अवसर मिल सकें।
वहीं, मधुमक्खी पालन एवं एपीथैरेपी में पीजी डिप्लोमा कीट विज्ञान विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 25 सीटें निर्धारित की गई हैं। पाठ्यक्रम के तहत वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन, रानी मधुमक्खी उत्पादन, परागण सेवाएं, मधुमक्खी उत्पादों का प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और उद्यम प्रबंधन सहित कई विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इन दोनों कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री आवश्यक है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। प्रवेश स्नातक परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर होगा और इसके लिए कोई प्रवेश परीक्षा नहीं ली जाएगी।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 है। 24 अगस्त को मेरिट आधारित काउंसलिंग आयोजित होगी, जबकि 28 अगस्त 2026 से कक्षाएं शुरू होंगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा ने कहा कि इन कौशल आधारित डिप्लोमा कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के साथ-साथ उद्यमिता और स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों में कक्षा शिक्षण के साथ व्यापक व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी, प्रॉस्पेक्टस और आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।