16 जुलाई: राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंडी जिले में 20 जुलाई से 10 दिवसीय विशेष प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत लोगों को नशा निवारण, विशेषकर ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल–नशामुक्त मंडी’ अभियान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान विभाग से संबद्ध नाट्य दल गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। अभियान में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा।
20 जुलाई से 29 जुलाई तक जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की चयनित ग्राम पंचायतों में सुबह 11 बजे और दोपहर 2 बजे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जोगिंद्रनगर, सरकाघाट, धर्मपुर, सुंदरनगर, द्रंग, सदर, करसोग, सिराज, नाचन और बल्ह विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांव शामिल हैं।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस विशेष प्रचार अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाना है।