16 जुलाई: हमीरपुर दौरे के दौरान बुधवार को हिमाचल प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ, जिला हमीरपुर इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्य महासचिव सुनील शर्मा, जिला अध्यक्ष पंकज डढवाल और जिला महासचिव अश्वनी कुमार शर्मा ने किया।
ज्ञापन में महासंघ ने मांग की कि वर्ष 2020 से 2025 के बीच नियमित हुए सभी टीजीटी शिक्षकों को अब तक वरिष्ठता (सीनियरिटी) नंबर जारी नहीं किए गए हैं। आगामी तीन माह के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी कर सभी पात्र शिक्षकों को वरिष्ठता नंबर जारी किए जाएं।
महासंघ ने कहा कि दो वर्ष की नियमित सेवा के बाद कर्मचारियों की कन्फर्मेशन की प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए, लेकिन पिछले चार वर्षों से टीजीटी शिक्षकों के मामलों में यह प्रक्रिया लंबित है। इससे बड़ी संख्या में शिक्षकों की सेवा पुष्टि अधर में लटकी हुई है। संगठन ने इसे शीघ्र पूरा करने की मांग की।
इसके अलावा सीबीएसई विद्यालयों में शिक्षकों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) पर रोक लगाने तथा पूर्व की व्यवस्था के अनुसार वर्ष में दो बार टीजीटी से प्रवक्ता पद पर पदोन्नति करने की मांग भी उठाई गई। महासंघ ने 749 नियमित टीजीटी शिक्षकों की पदोन्नति सूची जल्द जारी करने का आग्रह किया।
महासंघ ने तबादला नीति में भी संशोधन की मांग करते हुए कहा कि ‘क्लबिंग ऑफ प्रीवियस स्टे’ के लिए निर्धारित 30 किलोमीटर की दूरी को छोटे भौगोलिक जिलों को ध्यान में रखते हुए घटाकर 15 किलोमीटर किया जाए। साथ ही, तबादले के बाद शिक्षकों को ज्वाइनिंग के लिए वर्तमान 5 दिनों के बजाय 15 दिन का समय दिया जाए।