चार्जशीट को लेकर भाजपा पर बरसे हर्षवर्धन चौहान, बोले- भ्रष्टाचार है तो लिखित शिकायत दें

15 जुलाई: प्रदेश सरकार के खिलाफ चार्जशीट लाने के भाजपा के ऐलान पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मंगलवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार या किसी विभाग में भ्रष्टाचार हुआ है तो भाजपा मुख्यमंत्री या संबंधित मंत्री को लिखित शिकायत दे, सरकार उस पर नियमानुसार कार्रवाई करेगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में पूरी पारदर्शिता के साथ काम किया है और इस दौरान भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार चार्जशीट से डरने वाली नहीं है और भाजपा जो करना चाहती है, कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंच है, जहां भाजपा भ्रष्टाचार या अनियमितताओं के मुद्दे उठा सकती थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकी।

उद्योग मंत्री ने भाजपा पर केंद्र सरकार के माध्यम से हिमाचल के विकास कार्यों और परियोजनाओं में बाधा डालने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को पिछले साढ़े तीन वर्षों में कोई विशेष अनुदान नहीं मिला, केवल वही राशि मिली जो राज्य का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 75 वर्षों से मिल रही आरडीजी ग्रांट बंद कर प्रदेश के लोगों को नुकसान पहुंचाया है। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पिछले वर्ष घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि का प्रदेश की जनता आज भी इंतजार कर रही है।

हर्षवर्धन चौहान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ड्रामेबाजी और झूठ बोलने में उसका कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि झूठ बोलने की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता हो तो भाजपा देश के लिए गोल्ड मेडल जरूर जीतकर लाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *