15 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को हमीरपुर के एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नगर निगम के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ-साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे हमीरपुर पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में संक्षिप्त विश्राम के बाद वह सुबह 11:45 बजे बस स्टैंड के सामने रानी झांसी पार्क के समीप नगर निगम द्वारा निर्मित 13 नई दुकानों का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री टाउन हॉल पहुंचेंगे, जहां वह नगर निगम के नए कार्यालय भवन का शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री टाउन हॉल में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखेंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री दोपहर बाद शिमला के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने विभागों से संबंधित आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित रहने को भी कहा है।