14 जुलाई: वार्ड नंबर सात में मंगलवार सुबह पहाड़ी से एक भारी-भरकम सूखा चीड़ का पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से वहां से गुजर रही एक मारुति ऑल्टो और सड़क किनारे खड़ी टाटा इंडिगो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के समय बिलासपुर के श्रीनयनादेवी निवासी हुकम चंद अपने भतीजे रमन कुमार को नौकरी ज्वाइन कराने के लिए नेरवा ले जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ उनकी कार पर गिर पड़ा। हादसे में रमन कुमार के हाथ और बाजू में गंभीर चोटें आईं। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के समय सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, लोगों के समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट जाने से बड़ा हादसा टल गया। यह मार्ग रोजाना सैकड़ों स्कूली बच्चों और अन्य लोगों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है।
घटना के बाद स्थानीय पार्षद बबिता तंगड़ाईक ने क्षेत्र में आबादी के ऊपर खड़े अन्य खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें वन विभाग के सहयोग से जल्द हटाने का आश्वासन दिया।