शादी समारोह में पसरा मातम, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गई जान

9 जुलाई: ऊना जिले के उपमंडल अंब के दियाड़ा में एक शादी समारोह के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बारात रवाना होने से ठीक पहले तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दूल्हे का एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार हम्बोली निवासी गुरभाग सिंह ने बताया कि 8 जुलाई की रात उनके बेटे की शादी थी और बारात धुसाड़ा स्थित सरगम पैलेस के लिए निकलने वाली थी। इसी दौरान उनके रिश्तेदार कमलजीत सिंह पुत्र गुरदास राम निवासी भदसाली (तहसील हरोली) सड़क पार कर किनारे खड़े थे। तभी बड़ूही की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

बताया गया कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तीनों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सहित फरार हो गए। हालांकि, शिकायतकर्ता ने बाइक का नंबर नोट कर लिया।

गंभीर रूप से घायल कमलजीत सिंह को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत और बाइक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार बाइक सवारों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *