15 अक्तूबर: विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को लगभग 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगवाल पुल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने कृष्णा रामलीला क्लब, इंदौरा में करीब 5 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इंदौरा में 15 लाख रुपये की लागत से बन रहे खेल मैदान और ओपन जिम का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम हो और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि खेल मैदान और ओपन जिम तैयार होने से क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद तथा व्यायाम के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्रदेश सरकार लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
विधायक ने बताया कि इंदौरा उत्सव के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रामलीला मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले क्लब को 31 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले क्लब को 21 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले क्लब को 11 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त विजेता क्लबों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों का संदेश लोगों तक पहुंचता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न रामलीला क्लबों के उत्कृष्ट कलाकारों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी, जो कलाकारों की प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन करेगी।
मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है। इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान भूपाल कटोच, वर्तमान प्रधान सुरेश कुमार, कृष्णा रामलीला क्लब के प्रधान सुमित शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, मनोहर सिंह, उमाकांत सूदन, ठाकुर जरम सिंह, प्रीतो देवी, विशाल सिंह, बशीर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनय मेहरा, एसडीओ राजीव, कनिष्ठ अभियंता अखिल, रश्मपाल सिंह, सुरेश कुमार, विजेंद्र पठानिया, विजेंद्र कबर, हजूरा सिंह और संतोष शास्त्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।