9 जुलाई: सुजानपुर में चोरों ने पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए फायर ब्रिगेड कार्यालय के बाहर खड़ी गृह रक्षक राजेश कुमार की मोटरसाइकिल देर रात चोरी कर ली। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। कुछ समय बाद बाइक आलमपुर पुल के समीप लावारिस और क्षतिग्रस्त हालत में बरामद हुई। चोर बाइक की वायरिंग काटकर उसकी नंबर प्लेट भी तोड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। गृह रक्षक राजेश कुमार की मौजूदगी में पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सुजानपुर थाना के प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सभी संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं।