9 जुलाई: टांडा मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर अंजलि श्रीकांत चव्हाण के फतेहपुर स्थित घर में हुई करीब 73 लाख रुपये की चोरी के मामले में कांगड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है। पुलिस ने अब तक कुल 50 तोला सोना, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये है, और 1.2 किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये है, बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार महिला आरोपी अंजू देवी की निशानदेही पर गग्गल पुल के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 35 तोला सोना और 200 ग्राम चांदी बरामद की गई। इससे पहले आरोपी चंदन की निशानदेही पर हमीरपुर के एक आभूषण व्यापारी के पास से 15 तोला सोना और एक किलोग्राम चांदी बरामद की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर, वाई-फाई राउटर और पावर प्लग भी अपने साथ ले गए थे, ताकि कोई सबूत न बच सके। पूछताछ के दौरान आरोपी चंदन ने बताया कि उसने डीवीआर को तोड़कर जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जंगल से टूटी हुई डीवीआर और वाई-फाई राउटर भी बरामद कर लिया है।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि इस मामले में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे चोरी के नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही जिले में नशा माफिया और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।